लाल बंगला में बाइक भिड़ंत बनी खूनी जंग, राहुल यादव गंभीर; एफआईआर न होने पर भड़के परिजन, आरोपियों की चुप्पी पर उठे सवाल

आसनसोल: आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लाल बंगला इलाके में बीपीएल क्वार्टर के समीप दो बाइकों की टक्कर को लेकर उपजा विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। इस झड़प में राहुल यादव नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे परिजनों द्वारा तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है।

मामूली टक्कर से बढ़ा विवाद

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दो बाइकों की आपस में टक्कर हो जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह आपसी विवाद हिंसक मारपीट में बदल गया, जिसमें राहुल यादव बुरी तरह लहूलुहान हो गए। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

न्याय के लिए थाने के चक्कर काट रहे परिजन

घटना के बाद परिजनों ने स्थानीय थाने में न्याय की गुहार लगाई, लेकिन आरोप है कि खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से कोई प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं की गई है। पीड़ित परिवार और महिलाएं न्याय के लिए दर-दर भटकने और थाने में बैठने को मजबूर हैं।

कैमरा देखते ही भागे आरोपी

जब मीडियाकर्मियों ने इस मामले को लेकर तथाकथित आरोपियों से उनका पक्ष जानने की कोशिश की, तो उन्होंने शुरुआत में मामले को रफा-दफा करने की बात कही। लेकिन जैसे ही कैमरे खुले, उनकी जुबान पर ताले लग गए और वे वहां से खिसकने का प्रयास करने लगे।

मीडिया के सामने से आरोपियों का इस तरह भागना और कैमरे पर कुछ भी बोलने से इंकार करना कई तरह के गंभीर सवाल खड़े करता है। अब देखना यह है कि क्या पुलिस इस मामले में त्वरित कार्रवाई करती है या पीड़ित परिवार यूं ही न्याय के लिए गुहार लगाता रहेगा।

Leave a Comment

Traffic Tail