आसनसोल: महान समाज सुधारक और शिक्षाविद् ईश्वरचंद्र विद्यासागर की 206वीं जन्मजयंती के अवसर पर आसनसोल के कमिश्नर एवं एडमिनिस्ट्रेटर दिलीप मिश्रा जी ने आसनसोल डिस्ट्रिक्ट लाइब्रेरी पहुँचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यदान किया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस पावन अवसर पर लाइब्रेरी के पुनरुद्धार को लेकर एक बड़ा और सराहनीय कदम उठाया गया है।
सालों की उपेक्षा के बाद मात्र 24 घंटे में एक्शन:
मिली जानकारी के अनुसार, इस ऐतिहासिक लाइब्रेरी के विकास और रखरखाव को लेकर पिछली सरकारों के कार्यकाल में कई बार वादे और घोषणाएं की गईं, लेकिन धरातल पर काम आगे नहीं बढ़ पाया था। हालांकि, अब प्रशासनिक मुस्तैदी दिखाते हुए एक संगठन की ओर से बीते 15 तारीख को लिखित आवेदन मिलने के ठीक अगले दिन यानी 16 तारीख से ही लाइब्रेरी के युद्धस्तर पर विकास और सुधार का काम शुरू कर दिया गया है।

इन आधुनिक बदलावों से संवर रही है लाइब्रेरी:
आसनसोल डिस्ट्रिक्ट लाइब्रेरी को पाठकों के लिए और अधिक सुंदर, स्वच्छ और उपयोगी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं, जिनमें प्रमुख हैं—
लाइब्रेरी परिसर की विशेष साफ-सफाई
दीवारों की दरारों की मरम्मत और सीलिंग का काम
छत का जरूरी ट्रीटमेंट (Waterproofing)
प्लाईवुड फ्रेम को हटाकर आधुनिक एल्युमिनियम कंपोजिट पैनल (ACP) लगाना
नया वाटर पंप स्थापित करना
सेनेटरी और प्लंबिंग व्यवस्था का पूर्ण कायाकल्प
अंदर और बाहर वेदर कोट (Weather Coat) पेंटिंग
सुरक्षा के मद्देनजर तीन तरफ की सीमा दीवार (Boundary Wall) की ऊंचाई बढ़ाना
परिसर में व्यापक पौधारोपण और सौंदर्यीकरण
4 तारीख को होगा भव्य उद्घाटन:
लिखित आवेदन मिलने के बाद प्रशासन की ओर से दिखाई गई इस त्वरित सक्रियता से स्थानीय लोगों और पाठकों में काफी उत्साह है। तयशुदा कार्ययोजना के तहत सभी विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है और आगामी 4 तारीख को इस नव-संवर चुकी लाइब्रेरी का भव्य उद्घटन किया जाएगा।








