आसनसोल: पश्चिम बंगाल में सनातन धर्म के प्रचारक और प्रख्यात संत धीरेंद्र शास्त्री (बाघेश्वर बाबा) के अपमान का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। हाल ही में एक विवादित घटना के विरोध में आसनसोल सांगठनिक जिले के युवा मोर्चा के नेतृत्व में भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हीरापुर थाने का घेराव किया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
आंदोलनकारियों का आरोप है कि प्रसेनजीत पुईतुंडी नामक व्यक्ति द्वारा धीरेंद्र शास्त्री के चित्र पर बैनर लगाकर जूतों से अपमान किया गया है, जिसमें उनकी तस्वीर पर तुलसी की माला और हनुमान जी का चित्र भी मौजूद था। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह कृत्य न केवल एक संत का, बल्कि पूरे सनातन धर्म और उसकी आस्था का अपमान है।

“पुलिस प्रशासन जल्द कार्रवाई करे”
युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस प्रशासन ने इस मामले में शीघ्र और कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं की, तो उनका यह विरोध प्रदर्शन और अधिक उग्र हो जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और आरोपी के खिलाफ सभी थानों में एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल रहे, जिन्होंने एक स्वर में “भारत माता की जय” और “सनातन धर्म की जय” के नारे लगाए।








