बर्नपुर/आसनसोल : सेल-इस्कोस्टील प्लांट (SAIL-ISP) में 24 सितंबर को होने वाले ट्रेड यूनियन चुनाव से पहले सरगर्मी अपने चरम पर है। भारतीय मजदूर संघ (BMS) ने दावा किया है कि कर्मचारियों के 39 महीने के वेज एरियर और 58 महीने के पर्क एरियर की उम्मीद केवल बीएमएस के कड़े रुख के कारण ही जिंदा है।

प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बीएमएस नेतृत्व ने INTUC, AITUC और HMS पर समझौतावादी नीति अपनाने का आरोप लगाया है। यूनियन का कहना है कि यदि उन्होंने भी अन्य यूनियनों की तरह प्रबंधन के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर कर दिए होते, तो एरियर का मुद्दा हमेशा के लिए खत्म हो जाता। मुख्य श्रम आयुक्त (CLC) की बैठक में प्रबंधन के अड़ियल रुख के बाद, समय बचाने के लिए बीएमएस ने इस मामले को सीधे हाईकोर्ट में चुनौती दी है। अधिकारियों के 2008 के पर्क एरियर मामले का हवाला देते हुए बीएमएस ने अपनी जीत का पूरा भरोसा जताया है और कर्मचारियों से 24 सितंबर को अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की है।








