आसनसोल: शहर को स्वच्छ, सुंदर और पॉलीथिन मुक्त बनाने की दिशा में आसनसोल नगर निगम (AMC) ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। निगम कमिश्नर आईएएस दिलीप मिश्रा के नेतृत्व में शहरभर में एक विशेष जुर्माना अभियान की शुरुआत कर दी गई है, जिसके तहत सार्वजनिक स्थानों और दीवारों को गंदा करने वालों पर अब सीधे शिकंजा कसा जा रहा है।

राज्य सरकार की नई गाइडलाइन के तहत पूरे पश्चिम बंगाल में स्वच्छता नियमों को सख्ती से लागू किया जा रहा है। इसी कड़ी में आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में भी लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ ऑन-द-स्पॉट फाइन (On-the-Spot Fine) वसूलने की व्यवस्था शुरू कर दी गई है।
इन गलतियों पर कटेगा भारी चालान नगर निगम प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यदि कोई भी नागरिक निम्नलिखित गतिविधियों में लिप्त पाया गया, तो उससे मौके पर ही जुर्माना वसूला जाएगा:
- दीवारों या सड़कों पर थूकना
- सार्वजनिक स्थलों पर पेशाब करना
- इधर-उधर कचरा फेंकना या फैलाना
- प्रतिबंधित प्लास्टिक और कैरी बैग का इस्तेमाल करना
प्रशासन की दो टूक – हर नागरिक की है जिम्मेदारी निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे थे, बावजूद इसके कुछ लोग सार्वजनिक जगहों को गंदा करने से बाज नहीं आ रहे हैं। इसी आदत पर लगाम लगाने के लिए अब यह दंडात्मक कदम उठाया गया है। निगम का स्पष्ट संदेश है कि आसनसोल को स्वच्छ रखना केवल प्रशासनिक अमले की ही नहीं, बल्कि यहां रहने वाले हर एक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।
प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे सड़कों और दीवारों को गंदा करने से बचें, कचरा सिर्फ निर्धारित स्थानों पर ही डालें और पर्यावरण को बचाने में सहयोग करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।








