आसनसोल: बीते रात आसनसोल में मौसम के अचानक बदले मिजाज और मूसलाधार बारिश के साथ आए भीषण आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। इस प्राकृतिक आपदा के कारण शहर के अति-व्यस्त मार्ग कहे जाने वाले आसनसोल कोर्ट रोड पर रवींद्र भवन और एसबीआई बैंक के ठीक सामने एक विशालकाय पुराना पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क पर आ गिरा। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई।

https://www.facebook.com/share/v/1CVmcUB6mc/
मुख्य मार्ग होने के कारण लगी लंबी कतारें:
चूँकि यह मार्ग आसनसोल कोर्ट, हिलव्यू, रवींद्र नगर जैसे महत्वपूर्ण इलाकों को जोड़ने वाला मुख्य रास्ता है, इसलिए पेड़ गिरने से सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई। रात के वक्त बारिश और अंधकार के बीच रास्ते के बंद हो जाने से आम नागरिकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

आधी रात को पहुंचे विधायक, चलाया राहत अभियान:
संकट की इस घड़ी में आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक माननीय कृष्णेंदु मुखर्जी तुरंत हरकत में आए। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना मिलते ही उन्होंने बिना वक्त गंवाए अपनी सिविल डिफेंस टीम और कार्यकर्ताओं को आधी रात में ही घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया। विधायक के निर्देश पर पूरी टीम ने बारिश के बीच ही कटर और अन्य जरूरी उपकरणों की मदद से भारी-भरकम पेड़ को टुकड़ों में काटकर हटाना शुरू किया।
सुबह होते-होते यातायात हुआ सुचारू:
राहत कार्य का सिलसिला पूरी रात चलता रहा। इसके बाद सुबह होते-होते आसनसोल नगर निगम के स्वच्छता विभाग के कर्मचारियों के सहयोग से सड़क पर गिरे पेड़ के मलबे और टहनियों को पूरी तरह साफ कर दिया गया। मार्ग पूरी तरह से सुरक्षित होने के बाद यातायात को सुचारू कर दिया गया, जिससे सुबह आवाजाही करने वाले लोगों ने राहत की सांस ली।
जनता ने की सराहना:
आपदा के इस संकटकालीन समय में विधायक और उनकी टीम द्वारा दिखाई गई तत्परता और संवेदनशीलता की पूरे आसनसोल क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। किसी भी आपातकालीन सहायता के लिए विधायक कार्यालय के हेल्प नंबर 9593222255 पर संपर्क किया जा सकता है।








