आसनसोल: आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र के रेलपार इलाके में अवैध एलपीजी गैस सिलेंडर के काले कारोबार का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस और प्रशासन की सतर्कता से एक निजी स्कूल के भीतर चल रहे अवैध गैस गोदाम का पर्दाफाश हुआ है, जहां से हजारों की संख्या में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं।

सूत्रों के हवाले से मिल रही जानकारी के अनुसार, इस पूरे अवैध नेटवर्क और काले कारोबार का मास्टरमाइंड शेखर वाल्मीकि बताया जा रहा है। रेलपार इलाके में पिछले कुछ समय से दलालों और अवैध कारोबारियों का सिंडिकेट तेजी से पैर पसार रहा है। आरोप है कि ओल्ड जीटी रोड और रेलपार के विभिन्न आंतरिक इलाकों से इस अवैध कारोबार का संचालन किया जा रहा था।

आम लोगों को मिलने वाले सिलेंडरों की कालाबाजारी कर इन्हें खुले बाजार में 1500 से 2000 रुपये तक की भारी कीमतों पर बेचा जा रहा था। स्कूल जैसी शैक्षणिक संस्था के परिसर के भीतर इस तरह का खतरनाक अवैध कारोबार चलाया जाना अपने आप में बड़ी लापरवाही और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
फिलहाल उत्तर थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को अपने नियंत्रण में ले लिया है और बरामद किए गए हजारों सिलेंडरों को जब्त कर लिया है। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि इस अवैध रैकेट में शेखर वाल्मीकि के अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इस काले कारोबार को स्थानीय स्तर पर किसका संरक्षण प्राप्त था। प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई के बाद रेलपार इलाके के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।








